कोऑपरेटिव रजिस्ट्रार ने दागी अफसर को दुर्घटना बीमा की टेंडर कमेटी से बाहर किया

‘सहकार भारत’ के समाचार पर सहकारिता विभाग का त्वरित एवं प्रभावी एक्शन

सहकार भारत

जयपुर, 18 मार्च। अपेक्स बैंक (राजस्थान राज्य सहकारी बैंक लिमिटेड), जयपुर के चार्जशीटेड महाप्रबंधक प्रमोदकुमार नाग उर्फ पी.के. नाग के लिए बुधवार का दिन भारी रहा। नाग से महाप्रबंधक (आयोजना एवं विकास/पीएंडडी) का अतिरिक्त कार्यभार छीन कर, उन्हें राज सहकार व्यक्तिगत दुर्घटना बीमा योजना की टेंडर कमेटी से बाहर कर दिया गया। रजिस्ट्रार, सहकारी समितियां श्रीमती आनंदी के निर्देश पर यह कार्यवाही की गयी। वे सहकारिता विभाग की शासन सचिव होने के नाते अपेक्स बैंक की प्रशासक भी हैं। भारतीय प्रशासनिक सेवा की कर्मठ एवं सादगीपंसद अधिकारी आनंदी को निडरता के साथ कड़े फैसले लेने के लिए जाना जाता है।

‘सहकार भारत’ द्वारा हाल ही में इस संबंध में एक समाचार प्रसारित किया गया था, जिसमें बीमा प्रीमियम पर जीएसटी के नाम पर किसानों पर 54.82 करोड़ रुपये का अनावश्यक आर्थिक भार डालने वाले, अपेक्स बैंक के महाप्रबंधक पी.के. नाग को पुन: टेंडर कमेटी का सदस्य सचिव बनाये जाने पर सवाल उठाया गया था। इस कमेटी में सदस्यों का मनोनयन रजिस्ट्रार द्वारा ही किया जाता है।

जयपुर। राजस्थान की कोऑपरेटिव रजिस्ट्रार आनंदी (आईएएस) को निडरता के साथ कड़े फैसले लेने के लिए जाना जाता है।

 

मंत्री ने बताया था किसानों का गुनाहकार

सहकारिता विभाग की एक जांच कमेटी ने साल 2023-24 में राज सहकार दुर्घटना बीमा योजना में 2 लाख रुपये से कम ऋण राशि वाले किसानों से बीमा प्रीमियम पर अनावश्यक जीएसटी वसूल करने के मामले में मुख्य तौर पर पीके नाग को जिम्मेदार ठहराया था। जिन किसानों की ऋण राशि 2 लाख रुपये से कम है, उनके सडक़ दुर्घटना प्रीमियम पर जीएसटी लागू नहीं था, लेकिन तब भी सफल बोलीदाता कंपनी (श्रीराम लाइफ इन्श्योंरेस) को किसानों से जीएसटी वसूल करने की छूट दी गयी। उस साल कंपनी ने जीएसटी के रूप में किसानों से 54 करोड़ 82 रुपये अतिरिक्त वसूल किये गये, जो अब तक किसानों को नहीं लौटाये जा सके।

यह मामला संज्ञान में आने पर सहकारिता राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गौतमकुमार दक ने पीके नाग को किसानों को गुनाहकार बताया था। तब मंत्री ने अपने आवास और कार्यालय में नाग की एंट्री भी बैन कर दी थी। मंत्री की नाराजगी के कारण ही नाग को निलंबन एवं आरोपपत्र का सामना करना पड़ा, हालांकि यह “नाराजगी” अधिक दिन नहीं रही।

निलम्बन के कुछ ही दिन बाद बहाली

कमेटी की रिपोर्ट के आधार पर अपेक्स बैंक प्रबंधन ने नाग को निलम्बित कर, राजस्थान सिविल सर्विसेज (वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील) नियम 1958 के नियम 16 के अंतर्गत आरोपपत्र दिया था। यह नाग का ही जलवा था कि निलम्बित किये जाने के मात्र कुछ ही दिन पश्चात, तत्कालिन प्रबंध निदेशक संजय पाठक ने नाग को न केवल बहाल कर दिया था, बल्कि उसे, बैंक के एक और महाप्रबंधक के पद का अतिरिक्त प्रभार देकर, पहले से अधिक पावरफुल बना दिया। महाप्रबंधक का यह पद, सहकारिता विभाग के अतिरिक्त रजिस्ट्रार कैडर के अधिकारी के लिए आरक्षित है। इस पद पर सरकार द्वारा ही सहकारी अधिकारी की प्रतिनियुक्ति की जाती है।

नाग के लिए रजिस्ट्रार को गुमराह किया गया

नाग को बहाल किये जाने के बाद, रजिस्ट्रार कार्यालय के कतिपय अधिकारियों ने रजिस्ट्रार आनंदी को गुमराह कर, नाग को ही वर्ष 2026-27 के लिए दुर्घटना बीमा की टेंडर कमेटी का सदस्य सचिव नामित करवा लिया था। बताते हैं कि सहकारिता रजिस्ट्रार आनंदी ने, इसे लेकर कड़ा आक्रोष व्यक्त करते हुए सहकारी अधिकारियों को जमकर तलाड़ लगायी और इसमें सुधार के लिए निर्देशित किया। वे इस बात के लिए भी खफा नजर आयी कि जिम्मेदार अधिकारियों ने उनसे नाग के कारनामों की सच्चाई छुपायी और चार्जशीटेड होने के बावजूद नाग को टेंडर कमेटी का सदस्य सचिव नामित करवा लिया।

रितेश जैन को मिली जिम्मेदारी

रजिस्ट्रार आनंदी के निर्देश पर, बुधवार को अपेक्स बैंक के कर्मठ उप-महाप्र्रबंधक (लेखा एवं वित्त) रितेश जैन को महाप्रबंधक (आयोजना एवं विकास) के पद का अतिरिक्त कार्यभार सौंपा गया। जीएम (पी.एंड डी.) के नाते ही पीके नाग को इस कमेटी में सदस्य सचिव नामित किया गया था। अपेक्स बैंक के प्रबंध निदेशक की अध्यक्षता वाली 6 सदस्य कमेटी के अन्य सदस्यों में सहकारिता रजिस्ट्रार कार्यालय के वित्तीय सलाहकार/प्रतिनिधि, अतिरिक्त रजिस्ट्रार (मोनेटरिंग), जयपुर सीसीबी व टोंक सीसीबी के प्रबंध निदेशक और अपेक्स बैंक के उप-महाप्रबंधक (पीएंडडी) हैं।

Related News

सहकारी अफसरों ने रजिस्ट्रार आनंदी को गुमराह किया, दागी अफसर को दिलायी बड़ी जिम्मेदारी

 

Related Posts

सहकारी अफसरों ने रजिस्ट्रार आनंदी को गुमराह किया, दागी अफसर को दिलायी बड़ी जिम्मेदारी

धरतीपुत्रों को 54 करोड़ रुपये का नुकसान पहुंचाने वाले अफसर को फिर से बीमा टेंडर की जिम्मेदारी सहकार भारत जयपुर, 12 मार्च । सहकारिता विभाग में अधिकारियों द्वारा रजिस्ट्रार, सहकारी…

अपेक्स बैंक में कई अनुभागों में उल्टफेर, ललित मीणा के बाद पाठक ने पसंदीदा बैंक अफसरों को हॉट सीटों पर बिठाया

सहकार भारत बीकानेर, 23 अक्टूबर। राजस्थान राज्य सहकारी बैंक लिमिटेड, जयपुर (अपेक्स बैंक) के प्रबंध निदेशक संजय पाठक द्वारा आज गुरुवार को एक तबादला सूची जारी अपने भरोसेमंद अफसरों को…