
जयपुर, 20 मई। सहकारिता राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गौतम कुमार दक ने बुधवार को राजस्थान राज्य सहकारी बैंक (अपेक्स बैंक) परिसर में परिंडा बांधकर विभाग द्वारा प्रारम्भ किये गए ‘परिंडा बांधो अभियान’ का शुभारम्भ किया। भीषण गर्मी में बेजुबान पशु-पक्षियों को राहत देने के लिए सहकारिता मंत्री की प्रेरणा से सहकारिता विभाग ने यह अभियान शुरु किया है। अभियान के अंतर्गत विभागीय कार्यालयों, शीर्ष एवं केन्द्रीय सहकारी संस्थाओं, सहकारी बैंक शाखाओं, केवीएसएस तथा ग्राम सेवा सहकारी समितियों के परिसरों, भवनों की छतों, वृक्षों की शाखाओं एवं सुरक्षित छायादार स्थानों पर मिट्टी के परिंडे व जल पात्र लगाए जाएंगे। साथ ही, पक्षियों के लिए चुग्गे की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाएगी।
अभियान के अंतर्गत सहकारिता विभाग के शासन सचिव एवं रजिस्ट्रार, सहकारी समितियां डॉ. समित शर्मा ने बुधवार को शासन सचिवालय एवं नेहरू सहकार भवन में विभागीय व सहकारी संस्थाओं के अधिकारियों-कर्मचारियों के साथ परिंडे बांधे। शासन सचिव ने कहा कि सहकारिता विभाग अपने विस्तृत नेटवर्क के माध्यम से इस अभियान को जन-आन्दोलन का स्वरूप देगा। उन्होंने निर्देश दिए कि लगाए गए परिंडों एवं जल पात्रों की प्रतिदिन नियमित सफाई की जाए तथा उनमें स्वच्छ पेयजल भरा जाए। जल को प्रतिदिन बदला जाए ताकि जल दूषित न हो और मच्छरों अथवा जलजनित बीमारियों की आशंका न रहे। साथ ही, चुग्गा पात्रों में भी नियमित रूप से दाना डालने की व्यवस्था की जाए।

सक्रिय सहभागिता का आह्वान
विभाग ने जनप्रतिनिधियों, भामाशाहों, स्वयंसेवी संस्थाओं तथा आमजन से भी इस पुण्य कार्य में सक्रिय सहभागिता का आह्वान किया है। अभियान के अंतर्गत सहकारी समितियों से जुड़े किसानों, पशुपालकों एवं नागरिकों को अपने घरों, खेतों एवं सार्वजनिक स्थलों पर परिंडे बांधने और जल पात्र रखने के लिए प्रेरित किया जाएगा। अभियान के व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए सोशल मीडिया, स्थानीय मीडिया एवं जनसंपर्क माध्यमों का उपयोग किया जाएगा।
शासन सचिव ने कहा कि भारतीय संविधान के अनुसार प्राकृतिक पर्यावरण एवं जीव-जंतुओं का संरक्षण प्रत्येक नागरिक का मूल कर्तव्य है। राजस्थान की सांस्कृतिक परम्पराएं भी जीव-दया, करुणा एवं पर्यावरण संरक्षण की भावना को प्रोत्साहित करती हैं। ऐसे में सहकारिता विभाग का यह अभियान केवल मूक पशु-पक्षियों को राहत पहुंचाने तक सीमित नहीं है बल्कि समाज में संवेदनशीलता, करुणा एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने की दिशा में भी एक महत्वपूर्ण पहल है।
आगंतुकों के लिए छाया-पानी की व्यवस्था
शासन सचिव ने विभाग के अधीन संचालित समस्त सहकारी समितियों एवं कार्यालयों को निर्देशित किया है कि कार्यालयों में आने वाले किसानों, उपभोक्ताओं एवं आमजन के लिए स्वच्छ एवं शीतल पेयजल की समुचित व्यवस्था की जाए। इसके साथ ही प्रत्येक कार्यालय एवं समिति परिसर में छायादार विश्राम स्थल की व्यवस्था करने, बैठने हेतु पर्याप्त सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा गर्मी से राहत के लिए आवश्यक इंतजाम करने के निर्देश भी दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि आमजन की सुविधा एवं स्वास्थ्य विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने सभी अधिकारियों-कर्मचारियों से मानवीय संवेदनाओं को ध्यान में रखते हुए आमजन को राहत पहुंचाने में सक्रिय योगदान की अपेक्षा की है।





