
आयोजकों ने सहकारी हितधारकों को भी सहकार मेले से दूर रखा
सहकार भारत
बीकानेर, 1 नवंबर। बीकानेर संभाग मुख्यालय पर चार दिवसीय संभाग स्तरीय सहकार मेला आयोजित किया जा रहा है। सहकारिता विभाग, जयपुर की ओर से जारी आदेश में खंडीय अतिरिक्त रजिस्ट्रार को मेला संयोजक और संभाग पर स्थित बीकानेर सहकारी उपभोक्ता होलसेल भंडार के महाप्रबंधक को सदस्य सचिव की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वर्तमान में खंडीय अतिरिक्त रजिस्ट्रार के पद पर संजय गर्ग, एडिशनल रजिस्ट्रार और भंडार महाप्रबंधक के पद पर जोगेंद्र सिंह, सहायक रजिस्ट्रार कार्यरत हैं।
हैरानी है कि मेले के उदघाटन अवसर पर कोई भी सहकारी निर्वाचित प्रतिनिधि दिखाई नहीं दिया। यहां तक की संभाग एवं जिला मुख्यालय बीकानेर में स्थित सहकारी संस्थाओं के निर्वाचित प्रतिनिधि भी मेले के आयोजन एवं उदघाटन कार्यक्रम से दूर रहे। बातचीत करने पर जानकारी मिली कि सहकारिता विभाग की ओर से संभाग की किसी भी सहकारी संस्था के निर्वाचित प्रतिनिधि, यथा- अध्यक्ष, उपाध्यक्ष एवं संचालक मंडल पदाधिकारियों को आमंत्रित ही नहीं किया गया। बीकानेर भंडार के अध्यक्ष नगेंद्रपालसिंह शेखावत ने इस बात की पुष्टि की है।
बीकानेर में संभाग स्तरीय सहकार मेला आयोजित किये जाने का मुख्य उद्देश्य संभाग के विभिन्न स्वयं सहायता समूहों तथा सहकारी समितियों द्वारा किए जाने वाले उत्कृष्ट कार्यों का प्रदर्शन तथा विशिष्ट उत्पादों की बिक्री को प्रोत्साहित करने और सहकारी आंदोलन को बढ़ावा देना बताया जा रहा है, जबकि, मेला आयोजन में सदस्य सचिव की भूमिका निभा रहे बीकानेर भंडार के महाप्रबंधक जोगेंद्र सिंह ने मेले में भंडार की ओर से सहकाभिता ही नहीं की। मेले में बीकानेर भंडार का एक भी काउंटर नहीं है। मेले का आयोजन, 31 अक्टूबर से 3 नवंबर 2026 तक जयनारायण व्यास कॉलोनी स्थित ग्रामीण हाट में किया जा रहा है।
जेनेरिक दवाईयों का प्रचार काउंटर ही नहीं
सहकारिता विभाग के शासन सचिव और रजिस्ट्रार, डॉ. समित शर्मा आर्थिक रूप से कमजोर तबले के रोगियों को राहत देने के लिए राजस्थान ही नहीं, बल्कि राष्ट्रीय स्तर पर जेनेरिक दवाईयों को प्रोत्साहित करने एवं इनके प्रचार-प्रसार के लिए जी-तोड़ मेहनत कर रहे हैं, लेकिन बीकानेर भंडार के महाप्रबंधक और मेला सदस्य सचिव जोगेंद्र सिंह ने संभाग स्तरीय सहकार मेला में जेनेरिक दवाईयों के प्रचार-प्रसार के लिए प्रधानमंत्री जनऔषधि केंद्र का काउंटर लगाया जाना भी उचित नहीं समझा। जबकि शासन सचिव डॉ. शर्मा ने एक सप्ताह पूर्व ही करघनी, जयपुर में प्रधानमंत्री जनऔषधि केंद्र के उदघाटन अवसर पर स्वयं दो घंटे का पावर प्वाइंट प्रेजेंटेशन दिया था ताकि जेनेरिक दवाईयों की गुणवत्ता के प्रति आमजन के संदेह को दूर कर, अधिकाधिक रोगियों को सस्ती दवाइयों से लाभान्वित किया जा सके।
मेले के आयोजन से एक दिन पहले जारी प्रेस बयान में, अतिरिक्त रजिस्ट्रार, सहकारी समितियां, बीकानेर संजय गर्ग ने दावा किया था कि बीकानेर, श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़, अनूपगढ़ और चूरू जिले की जिला सहकारी उपभोक्ता भंडार, क्रय विक्रय सहकारी समितियां, प्राथमिक भंडार, जिला डेयरी, विभिन्न महिला स्वयं सहायता समूहों एवं अन्य सहकारी समितियों द्वारा अपने-अपने विशिष्ट उत्पादों का प्रदर्शन एवं विक्रय एक ही स्थान पर किया जाएगा।
हनुमानगढ़ सहकारी बैंक में एमडी योगेश शर्मा ने बागड़ बिल्ले को सौंपा दूध की रखवाली का काम
संभाग स्तरीय सहकार मेले का शुभारंभ, सहकारी समितियों के उत्पादों का किया अवलोकन
ग्रामीण हाट में शनिवार से आयोजित होगा संभाग स्तरीय सहकार मेला







