24 मतदाताओं वाले जिला सहकार संघ के ‘चुनाव’ निर्विरोध सम्पन्न

शिव स्वामी अध्यक्ष और डॉ. मोहित टांटिया उपाध्यक्ष “निर्वाचित”

गंगानगर जिले में 1200 से अधिक सक्रिय सहकारी संस्थाएं, लेकिन सहकार संघ के वोटर केवल 24

सहकार भारत

बीकानेर, 4 अप्रेल। 350 से अधिक ग्राम सेवा सहकारी समितियां सहित लगभग एक हजार सहकारी संस्थाओं वाले श्रीगंगानगर जिले के मात्र 24 मतदाताओं वाले जिला सहकार संघ लिमिटेड, श्रीगंगानगर के ‘चुनाव’ 25 मार्च 2026 को ‘सर्वसम्मति’ से सम्पन्न हो गये। इस चुनाव में शिव स्वामी को अध्यक्ष और डॉ. मोहित टांटिया को सर्वसम्मति से उपाध्यक्ष चुना गया। ये दोनों ही व्यक्तिगत सदस्यों की श्रेणी से चुनकर आये हैं।

चुनाव अधिकारी मुकेश मीणा, सहकारी निरीक्षक ने बताया कि संचालक मंडल के चुनाव में पैक्स वर्ग से निर्मल सिंह बराड़ (लाधूवाला ग्राम सेवा सहकारी समिति लि.), लखविंद्रसिंह लखियां (4-ओ ग्राम सेवा सहकारी समिति लि.), सुरेंद्र कुमार खुराना (27 जीजी ग्राम सेवा सहकारी समिति लि.), क्रय विक्रय सहकारी समिति वर्ग से रामाकृष्ण (पदमपुर क्रय विक्रय सेवा सहकारी समिति लि.), अन्य सहकारी संस्था वर्ग से विजय जिंदल (जय मां देवसर प्राथमिक सहकारी उपभोक्ता भंडार लि.) व सुरेंद्र कुमार गर्ग (बाबाजी प्राथमिक सहकारी उपभोक्ता भंडार लि.) तथा व्यक्तिगत सदस्य वर्ग से डॉ. मोहित टांटिया, शिवकुमार स्वामी, शिवदयाल गुप्ता, कालीचरण अग्रवाल व स्नेहकुमार कपूर चुने गये हैं।

जिले में 1200 से अधिक सक्रिय सहकारी संस्थाएं

गंगानगर जिले में 351 ग्राम सेवा सहकारी समितियां, 650 से अधिक प्राथमिक दुग्ध सहकारी समितियां, 17 क्रय विक्रय सहकारी समितियंा, दो प्राथमिक सहकारी भूमि विकास बैंक, एक जिला केंद्रीय सहकारी बैंक, एक जिला सहकारी उपभोक्ता होलसेल भंडार और 200 से अधिक अन्य सहकारी समितियां हैं। दि गंगानगर केंद्रीय सहकारी बैंक लि. के रिकार्ड के अनुसार, बैंक की सदस्य सहकारी संस्थाओं की संख्या ही 550 से अधिक है, लेकिन श्रीगंगानगर जिला सहकार संघ लि. में तीनों श्रेणियों (पैक्स, केवीएसएस एवं व्यक्तिगत) के मतदाताओं की संख्या मात्र 24 है। सहकार संघ के मतदाताओं की वर्गवार संख्या जानने के लिए महाप्रबंधक चंद्रशेखर मुडासिया से संपर्क किया गया, लेकिन उन्होंने जानकारी नहीं दी।

पूरी निर्वाचन प्रक्रिया संदेह के घेर में

जिला सहकार संघ, श्रीगंगानगर की पूरी निर्वाचन प्रक्रिया संदेह के घेरे में है। जिम्मेदारों ने जिला सहकार संघ की निर्वाचन प्रक्रिया को और इससे पहले सदस्य बनाये जाने की पूरी प्रक्रिया को अत्यंत गोपनीय रखा। यहां तक कि मीडिया को भी निर्वाचन प्रक्रिया शुरू होने की जानकारी नहीं दी गयी। केवल जिला सहकार संघ भवन (जहां सहकारिता विभाग का उप रजिस्ट्रार और विशेष लेखा परीक्षक का कार्यालय संचालित है) में गुपचुप निर्वाचन का नोटिस चस्पा किया गया।

550 से अधिक सक्रिय सदस्य सहकारी संस्थाओं वाले गंगानगर केंद्रीय सहकारी बैंक के प्रधान कार्यालय, गंगानगर-अनूपगढ़ यूनिट क्षेत्र में 750 से अधिक सक्रिय प्राथमिक दुग्ध उत्पादक सहकारी समितियां वाले जिला दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ सहित गंगानगर जिले की 18 अन्य केंद्रीय सहकारी संस्थाओं को जिला सहकार संघ के निर्वाचन प्रक्रिया की जानकारी नहीं दी गयी, न ही इन संस्थाओं पर निर्वाचन का नोटिस या इससे पहले सदस्यता प्रक्रिया को लेकर कोई जानकारी दी गयी। यहां तक, श्रीगंगानगर जिले में ही संचालित सहकारिता विभाग की अनूपगढ़ यूनिट को भी जिला सहकार संघ की निर्वाचन प्रक्रिया से अनभिज्ञ रखा गया। जिले में दो प्राथमिक सहकारी भूमि विकास बैंक हैं, जहां निर्वाचित संचालक मंडल कार्यरत हैं, लेकिन उनको भी सदस्यता और निर्वाचन प्रक्रिया से दूर रखा गया।

मुट्ठीभर लोगों का सहकारिताओं पर कब्जा

डॉ. मोहित टांटिया को छोडक़र, जिला सहकार संघ के चुनाव में अधिकांश वे ही सहकारजन चुने गये हैं, जो पहले से ही दो या दो से अधिक सहकारी संस्थाओं पर काबिज हैं। जिला सहकार संघ के महाप्रबंधक चंद्रशेखर मुडासिया हैं, जो संचालक मंडल में पैक्स वर्ग से चुने गये लखविंद्रसिंह लखियां के नेतृत्व वाली 4-ओ ग्राम सेवा सहकारी समिति लि. में 91 लाख रुपये के गबन के आरोपों की जांच कर रहे हैं। चंद्रशेखर, लखविंद्र सिंह की अध्यक्षता वाली श्रीकरणपुर क्रय विक्रय सहकारी समिति, शिवदयाल गुप्ता व उनके पुत्र शिवांश गुप्ता के नेतृत्व वाले श्रीगंगानगर जिला सहकारी उपभोक्ता भंडार लि. में महाप्रबंधक और गुप्ता की ही अध्यक्षता वाली कोऑपरेटिव कमीशन क्रय विक्रय सहकारी समिति लि. के मुख्य व्यवस्थापक भी रह चुके हैं। श्रीगंगानर जिले के सर्वाधिक सक्रिय सहकारी नेता शिवदयाल गुुप्ता तीन बार गंगानगर सहकारी होलसेल भंडार के अध्यक्ष रह चुके हैं। गुप्ता वर्तमान में कोऑपरेटिव कमीशन शॉप क्रय विक्रय सहकारी समिति श्रीगंगानगर के अध्यक्ष हैं। उनके सुपुत्र शिवांश गुप्ता वर्तमान में गंगानगर भंडार के अध्यक्ष हैं, स्वयं शिवदयाल गुप्ता उपाध्यक्ष हैं। गुप्ता, श्रीगंगानगर कोऑपरेटिव इंडस्ट्रीयल एस्टेट लि. के प्रबंध निदेशक भी हैं। भंडार अध्यक्ष होने के नाते शिवदयाल गुप्ता, कॉनफेड के डायरेक्टर भी रह चुके हैं।

लखविंद्रसिंह लखियां 4-ओ ग्राम सेवा सहकारी समिति के अध्यक्ष, श्रीकरणपुर क्रय विक्रय सहकारी समिति लि. के अध्यक्ष, डेयरी प्राथमिक सहकारी समिति के अध्यक्ष और श्रीगंगानगर सहकारी उपभोक्ता होलसेल भंडार के संचालक मंडल सदस्य हैं। लखविंद्र सिंह दो बार श्रीगंगानगर दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ लि. के संचालक मंडल सदस्य रह चुके हैं। लखविंद्रसिंह और उनके परिजन व निकट रिश्तेदार, एक दर्जन से अधिक अन्य सहकारी संस्थाओं के पदाधिकारी हैं और ये समस्त समितियां, अन्य वर्ग की सहकारी समितियों में गंगानगर केंद्रीय सहकारी बैंक की सदस्य सहकारी संस्थाएं हैं।

सुरेंद्र कुमार खुराना 27 जीजी ग्राम सेवा सहकारी समिति के अध्यक्ष, श्रीगंगानगर सहकारी उपभोक्ता होलसेल भंडार लि. और श्रीगंगानगर क्रय विक्रय सहकारी समिति के संचालक मंडल सदस्य हैं। रामाकृष्ण पदमपुर क्रय विक्रय सहकारी समिति लि. के अध्यक्ष और विजय जिंदल श्रीगंगानगर कोऑपरेटिव इंस्ट्रीयल एस्टेट लि. के अध्यक्ष हैं। ये दोनों सहकारी उपभोक्ता होलसेल भंडार के डायरेक्टर भी रह चुके हैं। डॉ. मोहित टांटिया, टांटिया यूनिवर्सिटी के वाइस चेयरपर्सन है। एनसीयूआई द्वारा देशभर में चयनित 33 संस्थाओं में से टांटिया ग्रुप भी शामिल है। टांटिया ग्रुप ने हाल ही में राजस्थान की पहली यूथ कोऑपरेटिव सोसाइटी का गठन किया है। नवनियुक्त अध्यक्ष शिव स्वामी होलसेल भंडार के अध्यक्ष रह चुके हैं।

जिम्मेदार खामोश!


सहकार भारत ने इस मामले में 2 अप्रेल 2026 को जिला सहकार संघ के महाप्रबंधक चंद्रशेखर मुडासिया को व्हाट्सएप पर प्रश्न भेजकर मतदाताओं की संख्या के बारे में जानकारी चाही, लेकिन उन्होंने 4 अप्रेल तक कोई प्रतिक्रिया नहीं दी। निर्वाचन अधिकारी मुकेशकुमार मीणा का कहना है कि उन्होंने उप रजिस्ट्रार, श्रीगंगानगर कार्यालय में निर्वाचन संबंधी रिकार्ड जमा करवा दिया है, उन्हें याद नहीं कि श्रेणी वाइज कितने मतदाता हैं। (फोटो : सोशल मीडिया से साभार)

नोट : जिला सहकार संघ, श्रीगंगानगर के चुनाव में राज्य सहकारी निर्वाचन प्राधिकरण, जयपुर की भूमिका और सहकारिता विभाग की सक्रिय मिलीभगत की विवेचना आगामी अंक में की जायेगी।

 

 

Related Posts

क्या पैक्स कर्मचारियों को जानबूझकर भजनलाल शर्मा सरकार के खिलाफ खड़ा किया गया है?

परिस्थितियां बता रही हैं कि अपने ही लोगों ने सीएम भजनलाल शर्मा को और सरकार को बदनाम करने का षड्यंत्र रचा सहकार भारत बीकानेर, 29 मार्च। एक ओर भारत सरकार,…

कोऑपरेटिव रजिस्ट्रार ने दागी अफसर को दुर्घटना बीमा की टेंडर कमेटी से बाहर किया

‘सहकार भारत’ के समाचार पर सहकारिता विभाग का त्वरित एवं प्रभावी एक्शन सहकार भारत जयपुर, 18 मार्च। अपेक्स बैंक (राजस्थान राज्य सहकारी बैंक लिमिटेड), जयपुर के चार्जशीटेड महाप्रबंधक प्रमोदकुमार नाग…