हनुमानगढ़ सहकारी बैंक में एमडी योगेश शर्मा ने बागड़ बिल्ले को सौंपा दूध की रखवाली का काम

– बैंक प्रबंधन के आधा दर्जन से अधिक आदेशों के खिलाफ हाईकोर्ट से स्टे ऑर्डर लाने वाले बहुचर्चित अधिकारी संजय शर्मा को लीगल अनुभाग की जिम्मेदारी सौंपी

सहकार भारत
बीकानेर, 1 नवंबर। हनुमानगढ़ केंद्रीय सहकारी बैंक में दूध की रखवाली का काम बिल्ली को सौंप दिया गया है। बैंक के प्रबंध निदेशक योगेश कुमार शर्मा ने, बैंक के बहुचर्चित अधिकारी संजय शर्मा को प्रधान कार्यालय में लीगल अनुभाग का चार्ज संजय शर्मा को सौंप दिया है। एमडी के आदेश की पालना में शर्मा ने लीगल अनुभाग के अधिकारी अनिल बिश्नोई से चार्ज ले भी लिया है। संजय शर्मा ने विभिन्न मामलों में बैंक प्रबंध को हाई कोर्ट में घसीट रखा है और शर्मा के खिलाफ भी विभिन्न प्रकरण, पुलिस एवं न्यायालय में विचाराधीन हैं। इन मामलों में बैंक की ओर से लीगल सैक्शन द्वारा पैरवी की जानी है। संजय शर्मा के खिलाफ जिन मामलों में बैंक को पैरवी करनी है, अब उनकी जिम्मेदारी स्वयं संजय शर्मा को ही सौंप दी गई है। यह बिल्ली को दूध की रखवाली का काम सौंपने जैसा है।

 

कुछ जागरूक नागरिकों द्वारा सहकारिका मंत्री गौतम दक और शासन सचिव डॉ. समित शर्मा को एमडी की इस करतूत के बारे में विस्तार से अवगत कराया गया है। इन नागरिकों ने, संजय शर्मा के खिलाफ विचाराधीन प्रकरणों की सूची मंत्री व शासन सचिव को सौंपते हुए, एमडी योगेश शर्मा और संजय शर्मा, दोनों के खिलाफ कार्यवाही करने की मांग की है।

ऐसा ही विस्तृत सूचना सहकार भारत को भी उपलब्ध कराई गई है, जिसमें संजय शर्मा के खिलाफ विचाराधीन प्रकरणों की पूरी डिटेल है। इसके अनुसार, संजय शर्मा के खिलाफ भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो में एक प्रकरण 16/2025 विचाराधीन है। यह मामला संजय शर्मा से एसीबी की आकस्मिक चैकिंग के दौरान 8.50 लाख रूपये की संदिग्ध राशि की बरामदगी से संबंद्ध है। एसीबी की कार्यवाही के आधार पर बैंक प्रबंधन ने संजय शर्मा को निलम्बित कर दिया था, जिसके खिलाफ शर्मा ने उच्च न्यायालय, जोधपुर से स्थगन (केस नंबर 1060/2025) प्राप्त कर रखा है।

इसी प्रकार, बैंक प्रबंधन द्वारा प्रधान कार्यालय से संजय शर्मा का स्थानांतरण करने पर, शर्मा ने इस आदेश के खिलाफ भी उच्च न्यायालय, जोधपुर से स्थगन (केस नं. 16186/2025) प्राप्त कर रखा है।

अनियमितता के एक अन्य मामले में भी संजय शर्मा ने बैंक प्रबंधन की ओर से विभागीय कार्यवाही/निलंबन के खिलाफ उच्च न्यायालय, जोधपुर से स्थगन (18239/2025) प्राप्त कर रखा है।

संदिग्ध राशि मामले में एसीबी द्वारा एफआर लगाये जाने के खिलाफ उच्च न्यायालय, जोधपुर में वाद संख्या 245/2026 विचाराधीन है।
हनुमानगढ़ केंद्रीय सहकारी बैंक की गोरखाना शाखा में गबन के मामले में वसूली के खिलाफ शर्मा ने उच्च न्यायालय, जोधपुर से स्थगन (केस नंबर 10739/2025) प्राप्त कर रखा है।

संजय शर्मा की वरिष्ठ प्रबंधक से मुख्य प्रबंधक पद पर संदिग्ध पदोन्नति का मामला भी विचाराधीन है। हाल ही में बैंक के एक प्रबंधक द्वारा तीन संतान मामले में, फर्जी दस्तावेज तैयार कर, तीसरी संतान के तथ्य छुपाकर, पदोन्नति प्राप्त करने का मामला भी पुलिस थाना में दर्ज कराया गया, जिसकी जांच जारी है।

इसी प्रकार, राजस्थान महिला आयोग, जयपुर में संजय शर्मा के खिलाफ यौन उत्पीडऩ का एक प्रकरण (केस नंबर 241/2017) विचाराधीन है।

संजय शर्मा और बैंक के एक रिटायर्ड कर्मचारी द्वारा बैंक प्रबंधन पर दबाव डालकर, कर्मचारियों के बार-बार स्थानांतरण करवाने, जांच के आदेश बदलवाने के मामले में भी इन दिनों चर्चा में हैं। संजय शर्मा के खिलाफ जारी जांच में, तथ्यों के विपरीत शर्मा के पक्ष में रिपोर्ट बनाने से इंकार करने वाले दो जांच अधिकारियों का बार-बार स्थानांतरण भी चर्चा का विषय बना हुआ है। संजय शर्मा का मुख्यावास, हनुमानगढ़ जंक्शन शाखा में हैं, लेकिन शर्मा और उसका रिटायर्ड बैंक कर्मचारी साथी, प्रबंध निदेशक योगेश कुमार शर्मा के साथ ही बैंक में आते-जाते हैं और प्रबंध निदेशक कक्ष में बैठकर ही, कर्मचारियों को प्रताडि़त करने के षड्यंत्र रचते रहते हैं। सहकारिता विभाग के शासन सचिव एवं सहकारिता रजिस्ट्रार डॉ. समित शर्मा द्वारा हाजरी लगाने के लिए शुरू किया गया आधार आधारित उपस्थिति सिस्टम भी संजय शर्मा को कार्यालय समय के दौरान, बैंक ब्रांच में बैठ रहने के लिए बाध्य नहीं कर सका है।

 

 

 

Related Posts

पंचायत चुनावों से पहले पैक्स कर्मचारियों ने भरी आंदोलन की हुंकार

Illustrative Image Composition: AI संयुक्त संघर्ष समिति ने ज्ञापन प्रेषित कर, सहकारिता राज्य मंत्री को अनिश्चितकालीन हड़ताल की चेतावनी दी सहकार भारत बीकानेर, 24 सितम्बर। राजस्थान सहकारी कर्मचारी संयुक्त संघर्ष…

सहकारिता विभाग में आउटसोर्सिंग से आयेगी क्रांति

सहकारी लश्कर का नेतृत्व करेंगे वयोवृद्ध और वृद्ध अफसर सहकार भारत बीकानेर, 17 सितंबर। सहकारिता विभाग के राज्यमंत्री गौतम कुमार दक और शासन सचिव एवं सहकारिता रजिस्ट्रार डॉ. समित शर्मा…