
– श्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाली संस्थाओं को किया गया पुरस्कृत
– शासन सचिव एवं रजिस्ट्रार ने सफल आयोजन के लिए पूरी टीम को दी बधाई
जयपुर, 26 अप्रेल। सहकारिता विभाग एवं कॉनफेड द्वारा जवाहर कला केन्द्र में आयोजित किया जा रहा दस दिवसीय राष्ट्रीय सहकार मसाला मेला-2026 रविवार को सम्पन्न हो गया। मेले में रिकॉर्ड 5.50 करोड़ रुपये से अधिक के मसालों एवं अन्य उत्पादों की बिक्री हुई। यह अब तक की सर्वाधिक बिक्री है और विगत वर्ष से करीब 1.25 करोड़ रुपये अधिक है।
सहकारिता विभाग के शासन सचिव एवं रजिस्ट्रार, सहकारी समितियां डॉ. समित शर्मा ने बताया कि इस बार का मसाला मेला कई मायनों में खास रहा। मेले में पहली बार लगभग 160 स्टॉल्स पर उत्पादों की बिक्री एवं प्रदर्शनी की गई। यह अब तक की सर्वाधिक स्टॉल संख्या है और पिछले वर्ष से लगभग 40 अधिक है। मेले में पहली बार उपभोक्ताओं की सुविधा के लिए ट्रॉली की व्यवस्था भी की गई।
उन्होंने बताया किआमजन में जागरूकता बढ़ाने एवं जेनेरिक दवाओं के उपयोग को बढ़ावा देने के लिए पहली बार मेले में जेनेरिक मेडिसिन जागरूकता स्टॉल भी लगाई गई। साथ ही, आर्गेनिक उत्पादों,श्री अन्न उत्पादों, एक जिला एक उत्पाद एवं जीआई टैग उत्पादों को एक ही छत के नीचे उपलब्ध करवाया गया। उन्होंने बताया कि प्रथम बार ग्राम सेवा सहकारी समितियों और कृषक उत्पादक संगठनों द्वारा मेले में प्रभावी भागीदारी की गई। शासन सचिव ने मेले के सफल आयोजन के लिए पूरी टीम को बधाई और शुभकामनाएं दीं।

सहकारिता विभाग के वरिष्ठ अधिकारी भोमाराम, रणजीत सिंह चूंडावत, मदनलाल गुर्जर, श्रीमती सोनल माथुर एवं राजेन्द्र सिंह ने रविवार को आयोजित समापन समारोह में श्रेष्ठ स्टॉल्स को प्रशस्ति पत्र और स्मृति चिह्न प्रदान कर पुरस्कृत किया। कृभको के क्षेत्रीय निदेशक रणजीत सिंह भी इस दौरान मंचासीन रहे। इस अवसर पर अन्य राज्यों की सहकारी संस्थाओं, राष्ट्रीय स्तर की सहकारी संस्थाओं और राज्य स्तर की शीर्ष सहकारी संस्थाओं को सम्मानित किया गया। वहीं, प्रतिदिन सांस्कृतिक कार्यक्रमों के आयोजन के लिए सभी खण्डों के अधिकारियों को भी सम्मानित किया गया।
बिक्री में ये संस्थाएं रहीं अव्वल
शीर्ष संस्थाओं में सर्वाधिक बिक्री की श्रेणी में कॉनफेड प्रथम स्थान पर, तिलम संघ द्वितीय स्थान पर और आरसीडीएफ (जयपुर डेयरी) तृतीय स्थान पर रहे। इसी प्रकार, जिला उपभोक्ता भंडारों में प्रथम स्थान पर कोटा, द्वितीय स्थान पर उदयपुर एवं तृतीय स्थान पर बारां रहे। वहीं, क्रय विक्रय सहकारी समितियों में प्रथम स्थान पर मथानिया, द्वितीय स्थान पर बिलाड़ा और तृतीय स्थान पर नागौर रहे। जबकि, ग्राम सेवा सहकारी समितियों में पलसाना ग्राम सेवा सहकारी समिति (सीकर) प्रथम स्थान पर एवं निमोद ग्राम सेवा सहकारी समिति द्वितीय स्थान पर रही। नवाचार श्रेणी में उत्कृष्ट कार्य हेतु बाड़मेर जिले की सुंदरा ग्राम सेवा सहकारी समिति को पुरस्कृत किया गया।
ले आउट की श्रेणियों में इन्हें मिला पुरस्कार
ले आउट की श्रेणी में शीर्ष संस्थाओं में कॉनफेड प्रथम, अपेक्स बैंक द्वितीय एवं आरसीडीएफ तृतीय स्थान पर रहे। जबकि, जिला उपभोक्ता भंडारों में उदयपुर को प्रथम, भीलवाड़ा को द्वितीय एवं बाड़मेर को तृतीय स्थान हासिल हुआ। इसी प्रकार, क्रय विक्रय सहकारी समितियों में नागौर प्रथम, अजमेर द्वितीय एवं सोजत रोड़ तृतीय स्थान पर रही।





